बरेली। रामपुर के एक डग्री कॉलेज में पढ़ाने वाली शिक्षिका पर गंभीर आरोप लगाकर उच्च शिक्षा निदेशक और रुहेलखंड विश्वविद्यालय की कुलसचिव से शिकायत की गई है। आरोप है कि शिक्षिका बिना अनुमति विदेश यात्राएं करती है और देश से संबंधित गोपनीय सूचनाएं भारत विरोधी संगठनों तक पहुंचा रही है।
रामपुर में थाना गंज क्षेत्र निवासी व्यक्ति ने अपनी शिकायत में कहा है कि रामपुर के एक राजकीय डिग्री कॉलेज में पढ़ाने वाली शिक्षिका के पति दुबई में नौकरी करते हैं। यहां शिक्षिका फर्जी स्थाई एवं अस्थाई पता के आधार पर नौकरी कर रही है। वह विभाग से अनुमति लिए बिना अक्सर अपने पति से मिलने दुबई चली जाती है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि शिक्षिका और उसके पति के देश विरोधी संगठनों एवं असामाजिक व्यक्तियों से संबंध हैं। विदेश यात्रा के दौरान शिक्षिका देश की सुरक्षा एवं अन्य गोपनीय नक्शों की जानकारी भारत विरोधी संगठनों को उपलब्ध कराती है। शिकायत में कहा गया है कि शिक्षिका ने दुबई में एक बच्चे को भी जन्म दिया है। उसके जन्म संबंधी फर्जी दस्तावेज भारत में बनवाए हैं। शिकायतकर्ता ने इसकी जांच कर शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पत्र की कॉपी रामपुर के एसएसपी, कॉलेज के प्राचार्य और एलआईयू रामपुर को भी दी गई है। फिलहाल मामले की शिकायत मिलने के बाद कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने जांच के निर्देश दिए हैं।