बरेली। दुकान पर बिस्किट लेने जा रही एक तीन वर्षीय बच्ची पर मोहल्ले के एक व्यक्ति के पालतू कुत्ते ने हमला कर दिया। चेहरे पर पंजा लगने से बच्ची की चीख निकल गई। शोर सुनकर पहुंचे परिवार वालों को भी कुत्ते ने दौड़ा लिया। बाद में मालिक ने कुत्ते को पकड़कर बांधा। जिला अस्पताल में बच्ची का इलाज कराने के बाद बारादरी थाने पहुंचकर परिजनों ने मामले की तहरीर सौंपी।
बारादरी क्षेत्र निवासी जान मोहम्मद की ईंट पजाया चौराहे पर कबाड़ की दुकान है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार दोपहर उनकी तीन वर्षीय छोटी बेटी बुशरा बिस्किट लाने के लिए पड़ोस की दुकान पर गई थी। उसके चीखने की आवाज आई तो देखा कि मोहल्ले के एक व्यक्ति का पालतू कुत्ता उस पर हमलावर था। कुत्ते ने उसके मुंह पर दांत और पंजे मार दिए थे। परिजनों ने बच्ची को बचाने की कोशिश की तो कुत्ते ने उन्हें भी दौड़ा दिया। कुत्ता खूंखार नस्ल का है। मोहल्ले में लोग भी उससे डरते हैं, लेकिन मालिक अक्सर उसे खुला छोड़ देता है। कुत्तों के हमले की घटना बारादरी क्षेत्र में पहले भी हो चुकी हैं लेकिन न तो पुलिस और न ही कोई अन्य विभाग इस पर कार्रवाई करता है। इससे पहले जोगी नवादा में भी एक कुत्ते ने शिक्षिका पर हमला कर दिया था।