बरेली। सदर तहसील के आलमपुर गजरौला की प्राइमरी पाठशाला की रसाइयों ने एडीएम सिटी से शिकायत की है कि उन्होंने बच्चों के राशन और दूध की मात्रा कम करने का विरोध किया तो उन्हें स्कूल से मारपीट कर निकाल दिया गया। एडीएम ने मामले की जांच के आदेश बीएसए को दिए हैं।
रसोईया रामादेवी, नत्थो देवी, रूपदेई व रम्पा देवी ने संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर शिकायत की कि स्कूली बच्चों को खाना, दूध व फल देने में गड़बड़ी की जा रही है। उन्होंने विरोध किया तो स्टाफ ने उनके साथ हाथापाई की और स्कूल से भी निकाल दिया। जबकि वह वर्ष 2009 से स्कूल में काम कर रही हैं। उन्होंने एडीएम से मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर संजय नगर ब्रह्मपुरा निवासी राकेश कनौजिया ने अधिकारियों को शिकायत की है कि वह छोटा-मोटा काम करके जैसे तैसे घर का खर्च चला रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास के लिए वह तीन बार फार्म डूडा दफ्तर में भर चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।