बरेली। महीने भर पहले तक मूर्ति खंडित होने को लेकर चर्चा में रहे बाकरगंज के मौर्य मंदिर में एक जानवर की हड्डी पड़ी मिलने पर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा कर रहे लोगों ने मोहल्ले के ही दूसरे पक्ष के लोगों पर माहौल खराब करने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को शांत कराया और मंदिर की सफाई कराई। मंदिर की देखभाल करने वाले लोगों ने किला थाने में घटना की तहरीर सौंपी है।
किला के बाकरगंज क्षेत्र की मिश्रित आबादी वाली बस्ती के मौर्य मंदिर में बुधवार की सुबह एक जानवर की एक इंच की हड्डी पड़ी मिली। पूजा करने आए एक व्यक्ति की नजर उस पर पड़ी तो उसने आसपास वालों को भी इकट्ठा कर लिया। मंदिर में पड़ी हड्डी को देखकर मोहल्ले के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। साथ ही मोहल्ले के ही दूसरे पक्ष के लोगों पर माहौल खराब करने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को शांत कराया और मंदिर की सफाई कराई। इंस्पेक्टर डीसी शर्मा ने बताया कि एक हड्डी का टुकड़ा मंदिर परिसर में पड़ा मिला था। मंदिर में सफाई करा दी गई है। मुमकिन है कि कोई जानवर उसे वहां ले आया हो। वैसे इसकी जांच की जाएगी।
बता दें कि इसी मंदिर की मूर्तियां दो माह पहले खंडित कर दी गई थीं। तब समाजसेविका पुष्पा रानी और उनके साथियों ने रिपोर्ट दर्ज न होने पर कलक्ट्रेट पर केरोसिन छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश की थी। धरना प्रदर्शन और नारेबाजी के बीच खासा हंगामा हुआ था। बाद में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। अभी तक पुलिस ने कोई आरोपी नहीं पकड़ा है, स्थानीय लोगों में इसे लेकर आक्रोश है।