बरेली। तीन तलाक को लेकर महिलाओं के उत्पीड़न के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इन मामलों को पुलिस भी गंभीरता से न लेकर समझौते का दबाव बना रही है। सोमवार को भोजीपुरा की एक महिला ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर पति पर तीन तलाक और दूसरी शादी करने की शिकायत एसपी क्राइम रमेश भारतीय से की। साथ ही थाना पुलिस ने समझौता कराने का आरोप भी लगाया। एसपी क्राइम ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए।
भोजीपुरा क्षेत्र निवासी नसरीन की शादी करीब दो साल पहले देवरनिया क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। विवाहिता के मुताबिक शादी के कुछ वक्त बाद ही पति व अन्य ससुराली दहेज की मांग के चलते उन्हें प्रताड़ित करने लगे थे। आरोप है कि मांग पूरी न होने के चलते कुछ दिन पहले ससुरालियों ने उन्हें पीटकर घर से निकाल दिया। इसके बाद पति एक दूसरी युवती को शादी करके घर ले आया। आरोप है कि इसके बाद पति मायके में आकर तीन तलाक बोलकर रिश्ता खत्म कर लिया। विरोध करने पर मारपीट भी की। शिकायत लेकर वह 15 अगस्त को अपने भाई के साथ भोजीपुरा थाना पहुंची तो पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। बल्कि रविवार को थाने बुलाकर उन्हें डराया धमकाया और उनसे समझौता नामा लिखवा लिया।