बरेली। सीएमओ कार्यालय में सोमवार को आग लगने से अफरातफरी मच गई। दोपहर में कमरे से धुआं निकलने लगा तो कर्मचारियों में खलबली मच गई। बाद में बिजली सप्लाई बंद कर आग पर काबू पाया जा सका।
सीएमओ कार्यालय में बने जन्म-मृत्यु पंजीकरण कार्यालय में सोमवार को स्टाफ काम कर रहा था। इसी बीच अचानक पीछे बने कमरे से धुआं निकलने लगा। कर्मचारी भागकर अंदर वाले कमरे में गए तो पता चला कि बिजली बोर्ड में शार्ट सर्किट से आग लग गई है। कमरे में रिकार्ड के साथ ही लकड़ी का फर्नीचर समेत अन्य सामान रखा था। आनन-फानन सूचना सीएमओ को दी गई। इसके बाद इलेक्ट्रीशियन बुलाकर बिजली सप्लाई बंद की गई और आग पर काबू पाया गया। ब्यूरो
लापरवाही पर 852 शिक्षकों को नोटिस
बरेली। शारदा अभियान में लापरवाही बरतने पर जिले के 852 शिक्षकों को नोटिस जारी की गई है। पिछले दिनों शारदा अभियान के तहत बच्चों को स्कूल लाने के फर्जी आंकड़े दिए जाने की पुष्टि के बाद सोमवार को बीएसए तनुजा त्रिपाठी ने सभी लापरवाह शिक्षकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। सूत्रों के मुताबिक शिक्षकों को अभियान के तहत स्कूलों में बच्चों को प्रवेश दिलाकर उनकी संख्या बढ़ाना था लेकिन उन्होंने इसकी भ्रामक रिपोर्ट सौंप दी, जिस पर संदेह होने पर जांच की गई तो लापरवाही की पुष्टि हुई। इसपर उन्हें नोटिस दिया गया है। ब्यूरो