बरेली। विधवा पेंशन दिलाने के नाम पर एक महिला से पांच हजार रुपये ठगी कर ली गई। महिला के मुताबिक उनके बेटे का दोस्त बनकर ठग ने उनका भरोसा जीता और घर के फोन और रुपये लेकर फरार हो गया। थाने के कई चक्कर लगाने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो वह शिकायत पर लेकर डीआईजी कार्यालय पहुंचीं। उनके आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सुभाषनगर क्षेत्र के नेकपुर निवासी सुशीला देवी के पति मदनलाल का तीन साल पहले देहांत हो गया। सुशीला के मुताबिक सात जुलाई की दोपहर विनोद नाम का एक युवक सरकारी कर्मचारी बनकर उनके घर आया। खुद को बेटे नेमपाल का दोस्त बताते हुए विधवा पेंशन के लिए पंजीकरण कराने का भरोसा दिया। बातों में आकर सुशीला फॉर्म भरने को तैयार हो गईं। बताया कि आरोपी ने उनसे एक फॉर्म भरवाया और फिर मोबाइल पर ओटीपी आने के नाम फोन मंगवाए। घर से दो फोन मंगवाने के बाद फीस के नाम पर पांच हजार रुपये भी लिए। इसके बाद दुकान तक जाने के बहाने निकला और फिर नहीं लौटा। आरोप है कि पेंशन दिलाने के नाम पर आरोपी ने उनसे पांच हजार रुपये ठग लिए और उनके मोबाइल भी ले गया।