बरेली। अंग्रेजों की गुलामी से भारत को आजाद कराने के लिए जीवन पर्यंत संघर्ष करने वाले चंद्र शेखर आजाद की जयंती पर जिला कांग्रेस कमेटी ने पौधा रोपण एवं गोष्ठी का आयोजन किया। फतेहगंज पश्चिमी में हुए इस कार्यक्रम में चंद्र शेखर आजाद के क्रांतिकारी व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला गया।
इस दौरान पूर्व विधायक नरेंद्र पाल सिंह गंगवार ने कहा कि देश को आजादी दिलाने वाले अमर शहीद हिंदू मुस्लिम सिख ईसाई सभी प्रेमपूर्ण वातावरण में एक थाली में भोजन करते थे। वहीं वर्तमान माहौल में सांप्रदायिक शक्तियां मजहबी और जातीय संघर्ष करने पर आमादा हैं, परंतु कांग्रेस सदैव अपने नेतृत्व में आपसी सद्भाव और मोहब्बत का पैगाम देकर भारत को एक जुट रखने का कार्य करेगी। यह कार्यक्रम जिलाध्यक्ष रामदेव पांडेय के नेतृत्व में मनाया गया। इसमें सौरभ राठी, डा. जाकिर खान, राज शर्मा, वीरपाल सिंह, मोहम्मद आरिश खान, केके गंगावार, रईस अंसारी आदि शामिल रहे। संचालन अमित गंगवार ने किया।