बरेली। पंचायती राज विभाग के जीरो पॉवर्टी अभियान के संबंध में शुक्रवार को डीएम ने बैठक की। इसमें उन्होंने आरोपी प्रधानों के विरुद्ध जांच तत्काल पूरी करने का निर्देश दिया। जिनके विरुद्ध वसूली प्रस्तावित है, उनसे रिकवरी करने के निर्देश भी दिए। डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति ठीक नहीं है। शीघ्र ही लाभार्थियों का चयन कर उन्हें आवास दें। उन्होंने बीडीओ से कहा कि पिछली बार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भर्ती में जो त्रुटियां पाई गई थीं, वह इस बार न हों। समीक्षा में पाया कि दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने अब तक 69 लाभार्थियों को योजना का लाभ नहीं दिया है। डीएम ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी चमन सिंह से नाराजगी व्यक्त कर तुरंत लाभार्थियों को योजना का लाभ देने की हिदायत दी। उन्होंने हर घर जल योजना व उज्ज्वला के तहत लाभार्थियों का चयन कर लाभान्वित करने के निर्देश दिए हैं। संवाद