सड़क हादसों के मामले में बरेली प्रदेश के टॉप 20 जिलों में शामिल है। प्रदेशभर में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए शासन स्तर से तमाम उपाय किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पिछले महीने परिवहन आयुक्त ने पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट के दोपहिया वाहनों को पेट्रोल देने पर पाबंदी लगाई। पिछले सप्ताह डीएम रविंद्र कुमार ने भी सभी पेट्रोल पंप संचालकों को इस संबंध में आदेश जारी किया था, लेकिन वह बेअसर साबित हो रहा है।
26 जनवरी से होगी कार्रवाई
पेट्रोल पंप संचालकों को चेतावनी दी गई है कि अगर उन्होंने 26 जनवरी से पहले आदेशों का पालन सुनिश्चित नहीं किया तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। सभी पेट्रोल पंप संचालकों को 26 जनवरी से पहले सीसीटीवी कैमरे और होर्डिंग्स लगवाने हैं। सीसीटीवी कैमरों को आईसीसीसी से भी जोड़ा जाएगा।
एसपी यातायात अकमल खान ने कहा कि निगरानी की जा रही है। पेट्रोल पंप संचालकों को 26 जनवरी से पहले आदेशों को सख्ती के साथ लागू करना है। लगातार यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ डीएल निलंबन की कार्रवाई के लिए लिखा गया है।