आंवला। पालिका द्वारा प्राचीन कुएं को खुर्दबुर्द कर वहां पर दुकान का निर्माण कराने की सूचना पर स्थानीय निवासियों ने मौके पर पहुंचकर विरोध-प्रदर्शन किया।
बृहस्पतिवार सुबह मोहल्ला बजरिया माली चौक के स्थानीय निवासियों को सूचना मिली कि उनके मोहल्ले में प्राचीन कुएं के स्थान पर पालिका दुकान का निर्माण करा रही है। चारों ओर नींव खुदाई का कार्य भी शुरू हो चुका है तो उनमें रोष व्याप्त हो गया। मौके पर पहुंचे पूर्व चेयरमैन संजीव सक्सेना के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने वहां प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर कुएं के स्थान पर दुकान बनवाने का विरोध किया। कहा कि यह हमारी प्राचीन धरोहर है, जिसको नष्ट किया जा रहा है। तहसीलदार ने विरोध कर रहे लोगों को शांत कराया और अगले आदेश तक निर्माण कार्य रुकवाने के निर्देश दिए।
प्रदर्शन करने वालों में सुशील कुमार, अरविंद कुमार, विनीत शर्मा, कौशल किशोर, मुहम्मद अफजाल, भुवनेश कुमार, आशु एडवोकेट हरिकृष्ण आदि रहे। संवाद
कुएं का कराया जाएगा सुंदरीकरण : चेयरमैन
इस मामले में चेयरमैन आबिद अली ने कहा कि अब इस जगह पर कुएं का सुंदरीकरण कराकर वाटर फ्रीजर लगाया जाएगा ताकि लोगों को शुद्ध पेय जल मिल सके।