नवनिर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष शहला ताहिर के जुलूस में कथित रूप से आपत्तिजनक नारे लगाए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद शनिवार को विहिप और भाजपा के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जुलूस की सीडी के साथ पुलिस को तहरीर भी सौंपी और निर्वाचित अध्यक्ष शहला ताहिर, उनके पति डॉ. ताहिर समेत पांच सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
भाजपा नेता नीरेंद्र सिंह राठौर के अनुसार नगरपालिका चुनाव में मतदान के दिन स्टैंडर्ड मॉरल स्कूल पोलिंग बूथ पर इकट्ठा भीड़ ने पार्टी कार्यकर्ताओं पर पथराव कर दिया था। इसमें भाजपा समर्थक विजय राठौर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। विजय राठौर ने नगर पालिकाध्यक्ष और उनके पति समेत 27 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद शहला भूमिगत हो गईं। थी। अदालत से स्थगनादेश मिलने के बाद वह 19 दिसंबर को नवाबगंज पहुंचीं तो उनके समर्थकों ने विजय जुलूस निकाला था। भाजपा नेता का आरोप है कि विजय जुलूस में शहला समर्थकों ने पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए जिसका वीडियो वायरल हो गया।
शनिवार की शाम विहिप कार्यकर्ताओं ने शहला ताहिर के जुलूस में देश विरोधी नारेबाजी का आरोप लगाते हुए कोतवाली घेर ली। उन्होंने शहला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग करते हुए हंगामा भी काटा। प्रभारी निरीक्षक आरएन चौधरी को वीडियो की सीडी के साथ तहरीर सौंपी गई जिसमें शहला ताहिर और उनके पति समेत पांच सौ अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि वह वीडियो का पूरी तरह परीक्षण करने के बाद ही कार्रवाई का निर्णय लेंगे। तहरीर देने वालों में विहिप अध्यक्ष अखिलेश गंगवार, कमल किशोर शर्मा, सतेन्द्र कुर्मी, पूर्व सभासद मथुरा प्रसाद, लवी शर्मा, विवेक शर्मा, राम सिंह, अशोक शर्मा, बासुदेव प्रजापति आदि मौजूद रहे।