बरेली। त्योहारी सीजन के दौरान बरेली होकर चलाई गईं 80 फीसदी विशेष ट्रेनों का संचालन फेरे पूरे होने के साथ बंद हो गया है। अब कुछ ही विशेष ट्रेनें बची हैं। अगले पांच दिन में इनका संचालन भी बंद हो जाएगा। इस बीच एक से सात दिसंबर के बीच 24 नियमित ट्रेनों को तीन माह के लिए निरस्त कर दिया जाएगा। ऐसे में अगले तीन माह यात्रियों को दिक्कत झेलनी होगी।
त्योहार के सीजन में इस बार रेलवे ने पिछले साल के मुकाबले 25 फीसदी से ज्यादा विशेष ट्रेनों का संचालन किया। 14 ट्रेनों को एक-एक या फिर दो-दो फेरों के लिए ऐन मौके पर अलग से भी चलाया गया। इसके बावजूद अब तक ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव बना हुआ है। रेलवे ने पिछले दिनों ही कोहरे के कारण दिसंबर के पहले सप्ताह से फरवरी 2027 के अंतिम सप्ताह तक 24 ट्रेनों के निरस्तीकरण और 16 से ज्यादा गाड़ियों के फेरों में कटौती की सूचना जारी कर दी थी।
ऐसे में इस दौरान लंबी दूरी के यात्रियों की समस्या बढ़ जाएगी। सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि सुरक्षा-संरक्षा के मद्देनजर कोहरे के सीजन में ट्रेनों को निरस्त किया जाएगा। इस दौरान जरूरत के हिसाब से विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।