श्यामगंज फ्लाईओवर बनकर तैयार खड़ा है, मगर शहरवासी सिर्फ उसे ताकने को मजबूर हैं। आते-जाते लोग वहां काम कर रहे ब्रिज कारपोरेशन स्टाफ से पुल चढ़ने की जिद में जूझते रोजाना दिखाई पड़ते हैं, सीएम योगी आदित्य नाथ के आगमन के दिलासे पर खामोश लौट जाते हैं। शहरवासियों के मन में सवाल है कि सीएम कब आएंगे और उन्हें कब पुल पर फर्राटा भरवाएंगे। अफसरों पर इसका कोई जवाब नहीं है। तैयारियों में जुटे अफसरों को पहले सप्ताह में सीएम विजिट का संदेश आया था, मगर तारीख अब तक फाइनल नहीं हो सकी। ऐसे में शहर के तमाम मोअज्जिज लोग चाहते हैं कि सीएम जब आएंगे तब उद्घाटन हो जाएगा, तब तक पुल पर कम से कम छोटे दोपहिया वाहनों का आवागमन तो शुरू करा दिया जाना चाहिए।
करीब 40 करोड़ रुपये लागत से तैयार पुल पर फर्राटा भरने के लिए अब तरसने लगे हैं। शहर के दो भागों को जोड़ने वाला पुल लाइफ लाइन माना जा रहा है। इसलिए लोगों का दबाव भी बढ़ता जा रहा है। सेतु निगम इंजीनियरों ने कहा था कि दस जनवरी के बाद से हर तरह के वाहन दौड़ाए जा सकते हैं, यह तारीख भी आ चुकी है, लेकिन अभी तक सीएम कार्यालय से कोई कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है। पिछले सप्ताह पुल शुरू करने की कवायद अचानक तेज हुई थी। उद्घाटन शिला पट के लिए मैटर भी लखनऊ मंगा लिया था। इससे लगा था कि दस जनवरी तक पुल पर फर्राटा भरा जा सकेगा। अब सब कुछ अचानक शांत हो गया है।
वर्जन: फोटो आवश्यक
सीएम फ्लाईओवर शुरू कराने के साथ ही अन्य कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट बरेली वासियों को देना चाहते हैं। उनके कार्यक्रम पहले से ही आरक्षित हैं, इसलिए तारीख तय नहीं हो पा रही है। उनके आने से करोड़ों रुपये की सौगात मिलना तय है, जल्द कार्यक्रम घोषित होगा। - राजेश अग्रवाल, वित्तमंत्री
0 जाड़े के समय में लोगों को सहूलियत देने के लिए पुल को जल्द शुरू कर देना चाहिए। अगर मुख्यमंत्री न आएं तो लखनऊ से ही इसे हरी झंडी दिखा दें तो अच्छा होगा।
- डॉ. एके चौहान, वरिष्ठ चिकित्सक
0 पब्लिक परेशान है, इसलिए मुख्यमंत्री जी को जल्दी से जल्दी बरेली आना चाहिए। कई लोगों ने संपर्क कर कहा भी पुल को शुरू करा दिया जाए लेकिन ऐसा ठीक नहीं। संदेश उन तक पहुंच गया है।
- डॉ. सत्येंद्र सिंह, आईएमए इलेक्टेड प्रेसीडेंट
0 मुख्यमंत्री अगर आएंगे तो बरेली को इसी बहाने कुछ और सौगातें मिलेंगी और अधिकारी शहर की कमियाें को दूर करने में जुटेंगे। इसलिए मुख्यमंत्री के आने का भय बना रहना चाहिए। पुल उन्हीं के आने के बाद शुरू हो।
- दुर्गेश खटवानी, अध्यक्ष, महानगर केमिस्ट एसोसिएशन
0 सीएम योगी जी श्यामगंज फ्लाईओवर शुरू कराएंगे तो बेहतर ही रहेगा। वह बरेली आएंगे तो यहां के लिए कुछ मिलेगा ही। जहां इतने दिन रुके, वहां दो-चार दिन इंतजार करने में हर्ज नहीं।
- डा. विकास वर्मा, होम्योपैथिक चिकित्सक
0 श्यामगंज फ्लाईओवर चालू कराने के लिए अगर सीएम को आना है तो इंतजार करने में कोई खराबी नहीं है। जब सीएम यहां आएंगे तो वह बरेली से और जुड़ाव महसूस करेंगे। वह शहर के लिए भी बेहतर करने के बारे में सोचेंगे। बरेली को कुछ न कुछ नया मिल जाएगा।
- अनिल साहनी, प्रगतिशील किसान