बरेली। अभी सिर्फ दो आरोपियों के किले ढहाए गए हैं। पूर्व विधायक समेत 14 लोगों की संपत्तियों की जांच चल रही है। इसमें कितनों के किले ढहाए जाएंगे, इस पर संशय बना हुआ है। बीडीए के अधिकारियों के मुताबिक घटना में शामिल सभी आरोपियों की संपत्ति की जांच चल रही है। पूर्व विधायक पप्पू भरतौल व अन्य की संपत्तियाें का ब्योरा खंगाला जा रहा है। अवैध निर्माण पाए जाने पर उनका ध्वस्तीकरण कराया जाएगा।
केपी यादव का नाम सबसे आगे
राजीव राना गुट के केपी यादव का नाम इस कड़ी में सबसे आगे है। केपी ने ही राजीव राना से प्लॉट पर कब्जा करने का ठेका लिया था। गुंडों को जुटाने के लिए 30 लाख तक के सौदे की बात सामने आ रही है। अब बीडीए की नजर केपी यादव की संपत्तियों पर टिक गई है। सूत्रों के मुताबिक केपी का घर व एक अन्य बिल्डिंग बीडीए के निशाने पर है। माना जा रहा है कि जल्द ही इन पर बुलडोजर चल सकता है।
दोनों मुकदमों आरोपी हैं नामजद
राजीव राना, रोहित ठाकुर, रोहित, संजय, हरिओम, राधे, आशीष, राजन, रोहित ठाकुर, केपी यादव, शिवम माथुर, राजेेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल, आदित्य उपाध्याय, अभिराज, आदित्य का चौकीदार।
सभी आरोपियों की संपत्तियों की हो रही जांच : वीसी
बीडीए वीसी मनिकंडन ए ने बताया कि सभी नामजद आरोपियों की संपत्तियों की जांच की जा रही है। आरोपियों के रिश्तेदारों और परिचितों का ब्योरा भी तैयार किया जा रहा है। जिनके भी निर्माण मानक के विपरीत पाए जाएंगे, उन पर निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी, लेकिन वह सिर्फ विभाग के अभियान के तहत होगी। उसका घटना से कोई लेना-देना नहीं होगा।