बरेली। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दौरान यातायात पुलिस के निशाने पर हेलमेट न लगाने वाले दोपहिया सवार ही रहे। 15 से 27 दिसंबर तक बिना हेलमेट बाइक चलाने पर 18,498 चालान किए गए। यातायात के अन्य नियमों के उल्लंघन में इस दौरान सिर्फ 336 ही चालान हुए।
नगर निगम स्थित इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) से निगरानी करने वाले कर्मचारियों को यातायात उल्लंघन के अन्य मामले नजर नहीं आते।
सड़क हादसों के आंकड़ों में पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार 27.25 फीसदी और मृतकों की संख्या में छह फीसदी इजाफा हुआ है। जिम्मेदारों पर हादसों पर अंकुश लगाने का दबाव है। शायद इसीलिए बिना हेलमेट वालों पर ही कार्रवाई की जा रही है। यातायात पुलिस ने इन 13 दिनों में 18,834 चालान किए। इनमें से 18,498 बिना हेलमेट और 336 अन्य मामलों में हैं।
शहर में ई-रिक्शा की भरमार है। अधिकारी भी स्वीकारते हैं कि अनधिकृत ई-रिक्शा काफी संख्या हैं। नाबालिग भी ई-रिक्शा दौड़ा रहे हैं। फिर 138 ई-रिक्शा के चालान किए गए। हालांकि, परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों के साथ वाहन चालकों को यातायात नियमाें के प्रति जागरूक करने के लिए कई कार्यक्रम किए, लेकिन नियमों के उल्लंघन के मामले कम नहीं हो रहे।
यातायात पुलिस के अनुसार रोजाना औसतन 1,448 चालान किए जा रहे हैं। इनमें 1,422 बिना हेलमेट वालों के हैं। पखवाड़े के दौरान परिवहन विभाग की टीमों ने भी कार्रवाई की, लेकिन इनमें इसके आंकड़े शामिल नहीं हैं।
15 से 27 दिसंबर तक चालान
बिना हेल्मेट- 18498
ड्रिंक एंड ड्राइव- 24
रांग साइड ड्राइविंग- 51
मोडिफाइड सायलेंसर- 18
ट्रिपल राइडिंग- 73
ई-रिक्शा-138
रेड लाइट जंप- 32