आंवला। अब अधिकृत वेल्डर ही तेल टैंकर में वेल्डिंग का कार्य कर सकेंगे। इसके लिए एसडीएम ने वेल्डरों को नोटिस भेजा है। आदेश नहीं मानने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पिछले सप्ताह कान्हा गोशाला के सामने तेल टैंकर में वेल्डिंग के दौरान हुए विस्फोट से वेल्डिंग कर रहे हेल्पर संदेश की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने टैंकर चालक व मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पिछले छह महीने में क्षेत्र में हुई इस तरह की यह दूसरी घटना थी। प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए तेल डिपो केे मालिकों के साथ बैठक कर सड़क किनारे व अवैध पार्किंग में खड़े होने वाले तेल टैंकरों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में बृहस्पतिवार को एसडीएम नहने राम ने कस्बे व आसपास के क्षेत्र में वेल्डिंग करने वाले 30 लोगों को नोटिस भेजा है। इसमें वेल्डरों को तेल टैंकरों की वेल्डिंग संबंधी का कार्य न किए जाने के सख्त निर्देश दिए हैं। इमरजेंसी में ही टैंकर मालिक व चालक संबंधित डिपो से अनुमति लेने के बाद अधिकृत वेल्डर के यहां वेल्डिंग करा सकेंगे। निर्देशों का पालन न करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। संवाद