बरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में जनपद के राजकीय और सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए केवल परिषद की ओर से अधिकृत पाठ्य पुस्तकों से ही शिक्षण कार्य सुनिश्चित कराया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) डॉ. अजीत कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि कहीं भी अनाधिकृत पुस्तकों का प्रचलन पाया गया, तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। अब विद्यालयों में शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और विद्यार्थियों की उपस्थिति को अनिवार्य रूप से ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा।
विद्यार्थियों को आसानी से पुस्तकें उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद के सभी विकासखंडों में राजकीय इंटर कॉलेजों अथवा सहायता प्राप्त विद्यालयों में 13 या 14 जुलाई को विशेष पुस्तक विक्रय शिविर आयोजित किए जाएंगे। डीआईओएस ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि वे अधिकृत मुद्रकों और वितरकों से समन्वय स्थापित कर इन शिविरों का सफल आयोजन सुनिश्चित करें। संवाद