बरेली। स्मार्ट सिटी बनाने के लिए चल रही ऑनलाइन वोटिंग में बरेली 41 हजार का आंकड़ा पार नहीं कर पाया। भारत सरकार की वेबसाइट के मोस्ट पापुलर आप्शन में बरेली को मुरादाबाद, अलीगढ़, सहारनपुर, कानपुर और आगरा से पीछे दिखाया जा रहा है जबकि ये प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र बनारस से आगे है। आखिरी दिन वेबसाइट न खुलने से वोटिंग ज्यादा नहीं बढ़ पाई।
स्मार्ट शहर बनाने के लिए 20 दिन से ज्यादा चली ऑनलाइन वोटिंग में बरेली यूपी के 11 शहरों से पीछे रही। आखिरी दिन बमुश्किल 2.5 हजार मतदाता ही ऑनलाइन वोट डाल पाए। वोटिंग का आंकड़ा 41 हजार से पहले अटक गया। इलाहाबाद, आगरा, मुरादाबाद, कानपुर, सहारनपुर आदि शहर ऑनलाइन वोटिंग में बरेली से काफी आगे निकल गए। संतोषजनक बात ये है कि बरेली प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र बनारस से आगे और गाजियाबाद के नजदीक है। पब्लिक भागीदारी कम होने का असर स्मार्ट सिटी के प्रथम चरण के चयन में बरेली के शामिल होने या न होने के रूप में पड़ सकता है। प्रभारी नगर आयुक्त ईश शक्ति कुमार सिंह ने बताया कि ऑनलाइन वोटिंग का आंकड़ा 50 हजार तक पहुंचने की उम्मीद थी लेकिन वेबसाइट न खुलने की परेशानी के चलते संख्या बहुत ज्यादा नहीं बढ़ पाई।
वर्कशाप आज होगी
प्रभारी नगर आयुक्त ईश शक्ति कुमार सिंह के मुताबिक स्मार्ट सिटी की शुक्रवार को होने वाली वर्कशाप स्थगित कर दी गई। अब ये वर्कशाप शनिवार पूर्वाह्न 11 बजे से नगर निगम सभागार में होगी।