बरेली। कोविड संक्रमण के चलते विश्वविद्यालय ने फिर से ऑनलाइन पढ़ाई शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। इसको लेकर शिक्षकों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं, क्योंकि इस बार विश्वविद्यालय को इसका ब्योरा भी उपलब्ध कराना होगा। बरेली कॉलेज में ऑनलाइन पढ़ाई सोमवार से शुरू होगी।
कोरोना संक्रमण के चलते रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने भौतिक कक्षाएं स्थगित कर ऑनलाइन कक्षाएं शुरू करने का आदेश दिया है। कहा गया है कि शिक्षकों को भी विशेष जरूरत पर ही कॉलेज बुलाया जाएगा। मगर, इस बार विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन कक्षाएं शुरू करने के आदेश के साथ ही उसका ब्योरा भी उपलब्ध कराने को कहा है। इसको लेकर कॉलेजों ने तैयारी शुरू कर दी है। वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी राजकीय महिला महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या सक्सेना ने बताया कि ऑनलाइन कक्षाएं पहले ही जारी हैं। अब तक शिक्षक कॉलेज आकर ऑनलाइन पढ़ा रहे थे, लेकिन सोमवार से घर से ही पढ़ाएंगे।
बरेली कॉलेज में हुई मीटिंग
ऑनलाइन कक्षाओं को लेकर बरेली कॉलेज में शनिवार को ऑनलाइन मीटिंग हुई। प्राचार्य डॉ. अनुराग मोहन ने बताया कि बाकी पाठ्यक्रम का कोर्स पूरा हो चुका है। सेमेस्टर कक्षाओं में सोमवार से ऑनलाइन पढ़ाई शुरू करा दी जाएगी।