बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए एमएड पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गए है। इच्छुक अभ्यर्थी 30 जून तक विश्वविद्यालय के समर्थ प्रवेश पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। यह प्रक्रिया शिक्षा एवं संबद्ध विज्ञान संकाय के बीएड-एमएड विभाग द्वारा संचालित की जा रही है।
प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर होगा। अभ्यर्थी को बीएड अथवा बीएलएड में न्यूनतम 55 फीसदी अंक प्राप्त करना आवश्यक है। वर्तमान में बीएड द्वितीय वर्ष या बीएलएड चतुर्थ वर्ष की परीक्षाओं में सम्मिलित हो रहे विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं। ऐसे अभ्यर्थियों को परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद प्राप्तांकों को पोर्टल पर अपलोड करने का अवसर मिलेगा। इससे अंतिम वर्ष के विद्यार्थी भी समय पर प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। कुलपति केपी सिंह ने अंतिम वर्ष के छात्रों को आवेदन की अनुमति देने को एक सराहनीय कदम बताया। विभागाध्यक्ष संतोष अरोड़ा ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के अंकों की मेरिट के आधार पर प्रवेश होगा।
ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा
अभ्यर्थियों को सर्वप्रथम समर्थ प्रवेश पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। इसके बाद उसी पोर्टल पर उपलब्ध कॉलेज पंजीकरण प्रपत्र भरना अनिवार्य है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्रपत्र का प्रिंट निकालकर आवश्यक अभिलेखों सहित शिक्षा विभाग में जमा करना होगा। आवेदन प्रपत्र विभाग में प्रत्येक कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे।