रेल वन एप, क्यूआर कोड और एटीवीएम से टिकट बुकिंग में वृद्धि के साथ रेलवे ऑनलाइन भुगतान की ओर बढ़ रहा है। बरेली जंक्शन पर सभी प्रकार के टिकट और पार्सल बुकिंग के लिए ऑनलाइन भुगतान का आंकड़ा 80 फीसदी तक पहुंच गया है। इससे समय और संसाधनों की बचत हो रही है। आरक्षित टिकटों के लिए 96 फीसदी भुगतान ऑनलाइन हो रहा है। पार्सल बुकिंग में शत-प्रतिशत ऑनलाइन भुगतान दर्ज किया गया है। सामान्य टिकटों की बुकिंग में भी 50 फीसदी भुगतान ऑनलाइन होने लगा है। पहले जहां जंक्शन से रोजाना 18-20 लाख रुपये बैंक में जमा कराए जाते थे, ऑनलाइन भुगतान बढ़ने से यह रकम घटकर आठ-नौ लाख रुपये रह गई है। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक इमरान ने बताया कि डिजिटल माध्यमों ने यात्रियों और रेलवे दोनों के लिए प्रक्रिया को सरल बनाया है। रेल वन एप के जरिये टिकट बुक कराने पर तीन प्रतिशत का रिफंड भी दिया जा रहा है।