बरेली विकास प्राधिकरण रामगंगानगर में पांच एकड़ भूमि पर 130 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक साइंस पार्क विकसित कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल होने के कारण लखनऊ से इसकी ऑनलाइन मॉनीटरिंग शुरू हो गई है। बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए. मनिकंडन ने बताया कि इस पार्क में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित लैब, विस्तृत स्पेस मॉडल और डिजिटल प्रयोगशालाएं होंगी। यहां छात्र ब्रह्मांड के रहस्यों, ग्रहों की स्थिति और जटिल वैज्ञानिक सिद्धांतों को व्यावहारिक और डिजिटल माध्यमों से समझ सकेंगे। यह इंटरएक्टिव मॉडल्स के जरिये नई पीढ़ी को विज्ञान और अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति प्रोत्साहित करने का एक प्रयास है। निर्माण कार्य की पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए शासन ने रिपोर्ट तलब की है। हर गतिविधि पर ऑनलाइन नजर रखी जा रही है। दिसंबर 2026 तक इस परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री इसका उद्घाटन कर सकते हैं।