18 अगस्त से पढ़ाई कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने शुरू की तैयारी
बरेली। यूपी बोर्ड ने 18 अगस्त से ऑनलाइन पढ़ाई शुरू करने के लिए विस्तृत कैलेंडर जारी कर दिया है। कोरोना के चलते बोर्ड ने ऑनलाइन पढ़ाई के संबंध में कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए है। दूरदर्शन उत्तर प्रदेश या स्वयंप्रभा चैनल के माध्यम से 18 अगस्त से ऑनलाइन पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
डीआईओएस ने बताया कि इन चैनलों पर कक्षावार प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत समय सारणी जल्द जारी कर दी जाएगी। सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को बोर्ड ने निर्देश जारी किए हैं कि वे यह सुनिश्चित करें कि इन चैनलों पर कक्षावार प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों को सभी शिक्षक और छात्र अनिवार्य रूप से देखें। पढ़ाई की गुणवत्ता की जांच के लिए समय-समय पर डीआईओएस सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी निरीक्षण करते रहेंगे। छात्रों के पास पुस्तकें दीक्षा पोर्टल एवं ई-बुक्स के तौर पर माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज की वेबसाइट पर लिंक के रूप में उपलब्ध हैं। बोर्ड ने अलग-अलग महीनों का कैलेंडर जारी कर दिया है। इसमें पूरे सत्र का ब्योरा दर्ज है। स्थानीय स्तर पर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।