मीरगंज। गांव कपूरपुर में शनिवार देर शाम 6:30 बजे मीरगंज-सिरौली रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हुई। इसमें बाइक सवार सिरौली के शिवपुरी निवासी हरिओम (40) की मौत हो गई। दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेजा है।
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, हरिओम बाइक से मीरगंज से शिवपुरी लौट रहे थे। कपूरपुर गांव के पास मीरगंज की ओर से आ रही दूसरी बाइक की भिड़ंत हो गई। वह घायल हो गए। उसपर सवार सिरोधी अंगदपुर निवासी कृष्णपाल (30) और उनके बहनोई रामपुर के शाहबाद के बरखेड़ा के जसवंत (30) गंभीर रूप से घायल हो गए।
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि सूचना पर गई पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेजा। वहां चिकित्सकों ने हरिओम को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
दो भाइयों में बड़े थे हरिओम
पुलिस के मुताबिक, हरिओम दो भाइयों में बड़े थे। मौत की सूचना से पत्नी बीना और तीन बेटियां गमगीन हैं। परिवार की त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।