अपराजिता कार्यक्रम में छात्राएं व शिक्षिकाएं
- फोटो : संवाद
बरेली के सुभाषनगर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में शनिवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से अपराजिता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नगरीय स्वास्थ्य केंद्र, सुभाष नगर की प्रभारी डॉ. अंजलि ने छात्राओं को कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन लगवाने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि हर पांच में से एक महिला को कैंसर होने की आशंका रहती है, इसलिए बीमारी या किसी भी बात को छिपाना नहीं चाहिए।
छात्राओं को बताया गया कि कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी महिलाओं में तेजी से बढ़ रही है। इससे बचाव के लिए पहले से ही सावधानी बरतना आवश्यक है। एचपीवी वैक्सीन वर्तमान में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आसानी से उपलब्ध है, लेकिन भविष्य में यह महंगी हो सकती है। इसलिए सभी छात्राओं को इसे अवश्य लगवाना चाहिए। यह भी स्पष्ट किया गया कि इस वैक्सीन का कोई दुष्प्रभाव नहीं है, और इससे जुड़ी बातें केवल भ्रांतियां हैं।
डॉ. अंजलि ने छात्राओं को बुनियादी साफ-सफाई के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि गर्मियों में पेट दर्द की समस्या बढ़ जाती है, इसलिए हाथों को धोना आवश्यक है। इसके अलावा, छात्राओं में खून की कमी एक आम समस्या है, इसलिए उन्हें अपने खान-पान का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
शिविर में जांच कर बांटीं दवाइयां
नगरीय स्वास्थ्य केंद्र सुभाष नगर की ओर से एक स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। इस शिविर में छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। छात्राओं ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं साझा कीं, जिसके बाद उन्हें दवाएं भी वितरित की गईं। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग से सोबरन सिंह, अंकित कुमार, दीपू और विद्यालय से वार्डन कमलेश सिंह यादव, मधुरिमा चंद्रा, पूनम मिश्रा, मंजु यादव, सिंधु गंगवार, दीपिका सागर, पारुल अग्रवाल, नीलम शर्मा उपस्थित रहे।