बरेली। मौसम में बदलाव के साथ मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है। जिला अस्पताल के मलेरिया वार्ड में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। बीते 24 घंटे में जिले में मलेरिया के एक और डेंगू के तीन मरीज मिले हैं।
जिला अस्पताल में बुखार से पीड़ित मरीजों की जांच के दौरान डेंगू और मलेरिया के नए मामले सामने आए हैं। फरीदपुर के बक्सरिया गांव निवासी 16 वर्षीय किशोर को कई दिनों से बुखार आ रहा था। परिजनों ने उसे 16 अक्तूबर की रात में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जांच में वह डेंगू से ग्रसित मिला।
बदायूं के दातागंज की 38 वर्षीय महिला को कई दिनों से तेज बुखार आ रहा था। परिजनों ने उसे 16 अक्तूबर की देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। आंवला के मऊ चंदपुर निवासी बुखार से पीड़ित 16 वर्षीय किशोर को 17 अक्तूबर को दोपहर में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जांच में डेंगू की पुष्टि होने पर उसे डेंगू वार्ड में शिफ्ट किया गया। सीबीगंज निवासी 38 वर्षीय मरीज की जांच कराई गई। इसमें वह मलेरिया पीएफ से ग्रसित पाया गया। जिला मलेरिया अधिकारी सत्येंद्र सिंह ने बताया कि जिले में डेंगू मरीजों की संख्या अब 15 हो गई है। लोगों से अपील है कि डेंगू और मलेरिया से बचाव के लिए गाइड लाइन का पालन करते रहें। लगातार बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द, कमजोरी या कंपकंपी होने पर फौरन जांच कराएं।