भोजीपुरा। दो दिन पहले हुई संरक्षित पशुओं की हत्या के मामले का मंगलवार को पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। मांस काटने के औजार के साथ एक आरोपी के गिरफ्तार किया गया है। चार अन्य फरार हो गए। पकड़ा गया आरोपी छह माह के लिए जिला बदर था।
गोपालपुर गांव के जंगल में 19 मई को संरक्षित पशुओं के अवशेष मिले थे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा जगत सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर मंगलवार दोपहर एक बजे रिठौरा रोड स्थित नहर की पटरी के पास घूम रहे पांच लोगों की घेराबंदी की गई। इस दौरान चार आरोपी भागने में कामयाब हो गए। एक को गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम अंबरपुर निवासी अफसार खां बताया। वह पांच मार्च से जिला बदर था। इसके बाद भी वह जिले में रहकर संरक्षित पशुओं की हत्या करने के बाद मांस की बिक्री कर रहा था। आरोपी ने 19 मई की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसने फरार साथियों के नाम रम्पुरा माफी निवासी सरफराज, अलीनगर निवासी खस्सी उर्फ मोहम्मद शब्बीर, लईक उर्फ कालिया और बड़े बताया। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।