दुनका। खेत में चारा काटने गई महिला से बाइक सवार दो लुटेरों ने रास्ता पूछने के बहाने उसके कुंडल छीन लिए। उससे पूर्व विरोध करने पर हंसिया छीनकर महिला के पेट में घोप दिया, जिससे वह गंभीर घायल हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को सीएचसी भर्ती कराया है, जहां उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है। फिलहाल, घायल महिला के परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
35 वर्षीय चमेली पत्नी रघुवीर मंगलवार शाम चार बजे अपने घर से खेत की तरफ चारा काटने गई थी। इस दौरान गौंटिया की तरफ से आ रहे बाइक सवार दो युवक रुक गए और महिला के पास जाकर बातों में उलझाकर सीहोर जाने का रास्ता पूछने लगे। युवकों ने इधर-उधर देखा और अकेली महिला जानकर उसके कानों के कुंडल खींचने लगे।
महिला ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। खींचतान में महिला का हंसिया छीनकर पेट में घोप दिया, जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपी उसके कानों से कुंडल छीनकर हल्दीकला की ओर भाग गए।
महिला के शोर पर लोग जुटे और पुलिस को बुलाया। चौकी इंचार्ज नीरज सिंह अपने अधीनस्थों के साथ मौके पर घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी, तब तक आरोपी भाग चुके थे। महिला को सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। संवाद