करीब हफ्ते भर से गुनगुनी धूप खिला रहे मौसम ने गुरुवार को अचानक यू टर्न ले लिया। दिन में चटख धूप के साथ बादल की लुकाछिपी जारी रही, लेकिन शाम को अचानक गरज के बाद बारिश हुई। बारिश के साथ ओलों ने लोगों को हैरत में डाल दिया। मौसम के कुछ ठंड भी बढ़ गई। वहीं, मौसम विभाग ने तीन दिनों तक कमोवेश ऐसा ही मौसम बने रहने की बात कही है। कृषि विभाग ने किसानों को तिलहन समेत अन्य फसलों को काटने के बाद सुरक्षित रखने का अलर्ट जारी किया है।
नुकसान की भरपाई के लिए हेल्पलाइन पर कॉल करें किसान
जिला कृषि अधिकारी धीरेंद्र चौधरी ने किसानों से फसल को बारिश, ओले गिरने से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल करने को कहा है। ताकि समय से नुकसान का आकलन कर उसकी भरपाई की जा सके। प्रगतिशील किसान डॉ. विकास वर्मा का कहना है कि बेमौसम हो रही बारिश से किसानों की गेहूं, गन्ना, तिलहन, दलहन और साग सब्जियां आदि बरबाद हो रही हैं। फसलों में रोग लगने की भी आशंका है। वहीं, प्रगतिशील किसान अनिल साहनी ने किसानों को खेतों में पानी इकट्ठा न होने देने, गेहूं की गिरी फसल को कीट और चूहों आदि से बचाने के लिए जरूरी उपाय करने को कहा है।