सीबीगंज। मालगाड़ी के वैगन की छत पर बैठा 15 वर्षीय सनी ओवर हेड इक्विपमेंट (ओएचई) लाइन की चपेट में आ गया। उसके शरीर से धुआं उठते देख मालगाड़ी को परसाखेड़ा रेलवे स्टेशन पर रोका गया। किशोर को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मीरगंज के गांव असदनगर निवासी संदीप कुमार का बेटा सनी शनिवार सुबह करीब नौ बजे घर से वॉलीबाल खेलने जाने को कहकर निकला था, लेकिन वह मीरगंज रेलवे स्टेशन पहुंच गया और वहां खड़ी मालगाड़ी के डिब्बे के ऊपर चढ़ गया। इसी बीच मालगाड़ी चल पड़ी। वह मीरगंज से बरेली तरफ आ रही थी। जब मालगाड़ी परसाखेड़ा रेलवे स्टेशन के पास पहुंची तो अचानक मालगाड़ी की छत पर बैठा सनी ओएचई लाइन की चपेट में आ गया। इससे तेज धमाका हुआ और सनी के शरीर से धुआं निकलने लगा। आसपास के लोगों ने शोर मचाकर मालगाड़ी रुकवाई। गंभीर रूप से झुलसे सनी को नीचे उतारकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। परिवार वालों के मुताबिक सनी गांव में ही सरकारी विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र है। चार भाई-बहनों में वह सबसे छोटा है।