बरेली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहेड़ी में रुपयों के लेनदेन का फोटो और चैट का स्क्रीनशॉट वायरल होने पर जांच कमेटी ने दोनों पक्षों से जवाब तलब किया है। वहीं, संबंधित फोटो में नजर आ रहे लोगों का भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।
नौ जून को बहेडी सीएचओ नाम से बने ग्रुप में एक चैट का स्क्रीनाशॉट वायरल हुआ था। इसमें बातचीत करने वालाें के नाम और नंबर को छिपा दिया गया है। आरोप है कि इसी ग्रुप पर उच्चाधिकारियों के आदेश सीएचओ तक पहुंचाए जाते हैं। सीएचओ की आपसी बातचीत में आठ जून की चैट में कहा गया है कि पीबीआई के बारे में किसी ने जवाब नहीं दिया है। लगता है आपको चाहिए ही नहीं। अभी गलतफहमी में हो। नौ जून की चैट में कहा जा रहा है कि आपको कल ही बता दिया था। आप लोगों को एक बार और बता दूं कि अभी बात हुई है। 2,500 में मान गए हैं।
अब इस मामले की जांच एसीएमओ डॉ. राकेश को दी गई है। डॉ. राकेश ने दोनों पक्षों से जवाब मांगा है। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कैश का लेनदेन भी संदिग्ध
नियमानुसार विभाग में किसी भी संसाधन या सामग्री की खरीदारी के लिए टेंडर किया जाता है, लेकिन चिकित्सा अधीक्षक ने बगैर टेंडर सीएचसी के अधीन 35 सीएचओ से 18 हजार रुपये के चेक लिए। चिकित्सा अधीक्षक का कहना है कि जो फोटो दिखाकर रुपये लेने का आरोप लग रहा है, वह खरीददारी के बाद बचे हुए रुपये सीएचओ को लौटा रहे थे, पर नकद लेनदेन चिकित्सा अधीक्षक को कठघरे में खड़ा कर रहा है। संवाद