बरेली। मुहर्रम के जुलूस का बहाना बनाकर 24 घंटे से भी अधिक बिजली कटौती पर वनमंत्री डॉ. अरुण कुमार ने विद्युत निगम के अफसरों की जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि जनता धरने पर उतर आए या कुछ गलत हो जाए, इससे पहले व्यवस्था और रवैया दोनों सुधार लें। अन्यथा स्थिति को संभालना मुश्किल हो जाएगा। अफसरों को चेताते हुए कहा कि एसी कमरे में न बैठें। जिन ठेकेदारों को काम दिया है, उन कामों का निरीक्षण भी करते रहें।
वनमंत्री ने शहर में अंधाधुंध बिजली कटौती को लेकर शुक्रवार को विकास भवन में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि सीबीगंज, किला, कुतुबखाना, शाहदाना, संजयनगर, मढ़ीनाथ, सुभाषनगर, बिथरी चैनपुर व आसपास के ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप होने से जनता परेशान है। मुख्यमंत्री ने मुहर्रम पर बिजली कटौती नहीं करने के आदेश दिए थे। इसके बावजूद 18 से 24 घंटे तक कटौती की गई।
सुधार लें रवैया, वर्ना हम भी कुछ नहीं कर पाएंगे : मंत्री
वनमंत्री ने कहा कि अधिकारी जनता की कॉल रिसीव नहीं करते। उनको कटौती का कारण तक नहीं बताया जाता। इससे जनता में रोष है। इसमें जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनता के आक्रोश को रोक पाना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने रुके हुए कामों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में मौजूद सांसद छत्रपाल गंगवार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, महापौर उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने भी विद्युत निगम के अफसरों को खरी-खोटी सुनाई।
पुलिस नहीं, मुख्यमंत्री के आदेश पर चलेगा प्रदेश : कैंट विधायक
बैठक में चीफ इंजीनियर ने कहा कि मुहर्रम पर पुलिस की ओर से आपूर्ति बंद करने के लिए कहा था। इस पर कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि पुलिस नहीं, मुख्यमंत्री के आदेश पर व्यवस्था चलेगी। यह बात मुख्यमंत्री के सामने क्यों नहीं रखी? उनसे कहते कि कटौती करनी पड़ेगी। मुख्यमंत्री के सामने हां सर हो जाएगा, क्यों कहा? एक्सईएन सतीश चौहान ने कहा कि ऊपर से आदेश था कि हादसे न हों, इसलिए 33 केवी की आपूर्ति भी बंद करनी पड़ी। इस पर विधायक ने कहा कि हादसे के डर से क्या सड़क पर चलना बंद कर दें? जनता परेशान हो गई, मुहर्रम के कारण 16 घंटे तक बिजली नहीं आई।
ऊंचाई कम कराएं, चेहल्लुम में न हो ऐसी अव्यवस्था : सांसद
एक्सईएन ने कहा कि ताजिये और अलम के जुलूस काफी ऊंचे होते हैं, जो तारों से टकराते हैं। इस वजह से आपूर्ति बंद करनी पड़ी। इस पर सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि बीते वर्ष कांवड़ियों का डीजे ऊंचा था। प्रशासन के साथ मिलकर हमने उसे नीचे कराया। कानून व्यवस्था सबके लिए बराबर है। ताजिये और अलम के जुलूस की ऊंचाई को कम करें। यही हालत देहात क्षेत्रों का भी है। चेहल्लुम पर ऐसा न हो।
कई इलाकों में बंच केबल नहीं : डॉ. राघवेंद्र
बिथरी विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने कहा कि कई बार कहने के बावजूद कई इलाकों में बंच केबल नहीं पड़े हैं। समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। चीफ इंजीनियर को तत्काल वहां काम कराने के लिए कहा। उन्होंने देहात क्षेत्रों में जल्द से जल्द बंच केबल का काम पूरा करने की बात कही है। संवाद