पार्सल सेवा पहले से ठप, अब दूसरे जिलों के लिए सारी डाक सेवाएं भी
बरेली। कोरोना की त्रासदी में डाक विभाग की सारी सेवाएं थम गई हैं। केंद्र सरकार के रेल यातायात पर पाबंदी लगाए जाने के बाद पार्सल सेवा पहले से ठप पड़ी थी लेकिन अब आसपास के जिलों में साधारण डाक सेवा भी बंद हो गई है। पोस्ट ऑफिस और डाक विभाग के दफ्तर जरूर खुले हुए हैं लेकिन वहां सिर्फ उसी डाक की बुकिंग हो रही है जो जिले के अंदर डिलीवर होनी हैं।
केंद्र सरकार के 22 मार्च को रेल यातायात पर पाबंदी लगाने के साथ ही जंक्शन पर आरएमएस का दफ्तर जहां आमतौर पर लंबी लाइनें नजर आती थीं, वह सुनसान हो गया। हालांकि पार्सल वितरण पर इससे पहले 20 मार्च को ही रोक लगा दी गई थी। जिन लोगों के पार्सल पहले से पहुंचे हुए थे, उन्हें फोन करके सूचना दे दी गई कि वे अपना पार्सल लेने खुद आएं या फिर हालात सामान्य होने तक इंतजार करें। लॉक डाउन घोषित होने के बाद विदेशों से मनी ट्रांसफर भी रुक गया। शुक्रवार को कई दिन बाद कनाडा से पहला मनी ट्रांसफर पुराना शहर के सैलानी में आया।