बरेली। एडीजी रमित शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये जोन के नौ जिलों के पुलिस अधिकारियों को महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर देने, त्योहारों से पहले अधिकारियों को सड़क पर उतरने का निर्देश दिया। आईजीआरएस के प्रभावी क्रियान्वयन, त्योहारों पर कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा एवं महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम, महिला सुरक्षा के विशेष दल की सक्रियता, पैदल गश्त व साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों के निस्तारण एवं जागरूकता विषय पर विमर्श किया गया।
एडीजी ने कहा कि जांच अधिकारी जांच के दौरान पक्ष, विपक्ष से संपर्क कर रिपोर्ट भेंजें। शिकायतकर्ता की संतुष्टि और उसका फीडबैक ही प्रदर्शन का वास्तविक पैमाना होगा। भ्रामक रिपोर्ट लगाने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। सीएम डैशबोर्ड पर सभी जिलों का प्रदर्शन अच्छा होना चाहिए। रामपुर जिले द्वारा सीएम डैशबोर्ड की मूल्यांकन रिपोर्ट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने पर बरेली जोन के सभी जिलों की एक कार्यशाला का आयोजन रामपुर में किया जाएगा। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में आईजी बरेली अजय कुमार साहनी, एसएसपी अनुराग आर्य समेत जोन के सभी नौ पुलिस अधीक्षक व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। ब्यूरो