चुनाव ड्यूटी के नाम पर अपना ब्लड प्रेशर बढ़ा लेने वाले कर्मचारियों की जांच के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है। जिले में 15 बीमार लोगों की सूची स्वास्थ्य विभाग के पास आई है। दो दिन जांच के बाद इनकी छुट्टी की अर्जी पर फैसला लिया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कई आवेदक ऐसे हैं जो अभी तक अपने कार्यालय की ड्यूटी बिल्कुल ठीकठाक कर रहे थे, लेकिन चुनाव में ड्यूटी लगी तो बीमार पड़ गए। कुछ ने हार्ट सर्जरी तो कुछ ने बीपी की समस्या बताई है। जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. केएस गुप्ता ने इनकी जांच के लिए डॉक्टरों का पैनल गठित कर दिया है। इसमें फिजीशियन डॉ. रविंद्र पोरवार, सर्जन डॉ. एके गुप्ता, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. एसके उपाध्याय, ईएनटी डॉ. एलके सक्सेना और नेत्र सर्जन डॉ. डीएन सिंह शामिल हैं। पैनल को सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ला लीड कर रहे हैं।