बरेली में स्काई-वे अपार्टमेंट के साथ-साथ रामगंगानगर और ग्रेटर बरेली आवासीय योजना में विभिन्न श्रेणियों के भूखंडों के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि इच्छुक आवेदक 26 अप्रैल तक अपना नामांकन करा सकते हैं।
बरेली शहर के रियल एस्टेट क्षेत्र में अपनी जगह बनाने और आशियाने का सपना देख रहे लोगों के लिए बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) एक सौगात लेकर आया है। बीडीए ने स्काई-वे अपार्टमेंट के साथ-साथ रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली आवासीय योजना में विभिन्न श्रेणियों के भूखंडों के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस योजना के माध्यम से करीब 35 फ्लैटों के साथ-साथ शोरूम, ऑफिस, स्कूल और ग्रुप हाउसिंग जैसे बहुउद्देशीय भूखंडों के आवंटन का रास्ता साफ हो गया है।
विज्ञापन
बीडीए उपाध्यक्ष मनिकंडन ए. ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए निविदा-सह-नीलामी पद्धति अपनाई जा रही है, जिससे निवेशकों और आम नागरिकों को निष्पक्ष अवसर मिल सके। पंजीकरण काउंटर 9 अप्रैल से खुल चुका है और इच्छुक आवेदक 26 अप्रैल तक अपना नामांकन करा सकते हैं।
योजना की खास बात यह है कि पंजीकरण समाप्त होने के ठीक अगले दिन, यानी 27 अप्रैल को लॉटरी और आवंटन की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली जैसी प्राइम लोकेशन पर व्यावसायिक और सार्वजनिक उपयोग के प्लॉट उपलब्ध होने से न केवल शहर का विस्तार होगा, बल्कि कारोबारियों के लिए भी अपना व्यवसाय बढ़ाने का यह एक बेहतरीन मौका साबित होगा। निवेश और रिहाइश दोनों ही लिहाज से इस स्कीम को शहर के विकास में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।