बहेड़ी। कस्बे के मुख्य मार्ग के अलावा विभिन्न मार्गों में हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए नगर पालिका को आदेश दिए हैं। इसके लिए कब्जेदारों को दो दिन के अंदर अतिक्रमण हटाने का समय दिया गया है। बात न मानने पर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। इससे अतिक्रमणकारियों में बेचैनी है।
एसडीएम इशिता किशोर ने नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी शशि प्रभा चौधरी को आदेश दिए हैं कि कस्बे के नैनीताल रोड, मेन बाजार, नदेली रोड, पंजाबी कॉलोनी रोड, ब्लॉक रोड, नारायण नगला रोड, ट्रक यूनियन रोड, माथुर रोड, गणेश गेट, शेर नगर में दुकानदारों ने नाले के स्लैब पर अतिक्रमण कर सड़क तक सामान फैला रखा है।
उन्होंने आदेश दिए हैं कि इन सभी मार्गों पर दो दिन के बाद पुलिस-प्रशासन जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाएगा। नगर पालिका के द्वारा मुनादी व प्रचार प्रसार करने के बावजूद जो अतिक्रमण नहीं हटाएगा ।उसका अतिक्रमण ढहा दिया जाएगा। साथ ही उससे जुर्माना भी वसूला जाएगा।
नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी ने कस्बे के सभी मार्गों पर पालिका और पीडब्ल्यूडी की जमीनों पर अवैध खोखा, ठेला आदि लगाकर अतिक्रमण करने वालों को दो दिन के अंदर इन सभी मार्गों को अतिक्रमणमुक्त करने के आदेश पारित कर दिए हैं। संवाद