पूर्व पार्षद ने अवैध कब्जे होने की दी जानकारी, पहले दबाए गए मामलों की अब हो रही छानबीन
बरेली। फाइक एन्क्लेव में सीलिंग की जमीन पर कब्जे होने के मामलों में राजस्व अधिकारी रिकार्ड खंगाल रहे हैं। वहीं, नगर निगम ने भी अपनी जमीन को सहेजना शुरू किया है। चिह्नित जमीनों से अवैध कब्जे हटेंगे और जिम्मेदारों पर कार्रवाई भी होगी।
बरेली बवाल के बाद मौलाना तौकीर के करीबियों पर नगर निगम, बीडीए और पुलिस-प्रशासन के अधिकारी कार्रवाई कर रहे हैं। अब फाइक एन्क्लेव में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे चिह्नित किए जाने हैं। पूर्व वार्ड पार्षद राममूर्ति मौर्य बताते हैं कि फाइक एन्क्लेव में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे हैं। इस मामले को नगर निगम बोर्ड में अपने कार्यकाल के दौरान उठाया था, लेकिन मामूली जांच के सिवा कुछ नहीं हुआ। कब्जे बरकरार हैं। नगर निगम के अधिकारी अपनी संपत्तियों के रिकाॅर्ड खंगालें तो हकीकत सामने आएगी और कब्जे भी हटेंगे। इस बीच नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि अवैध कब्जों पर नियमित रूप से कार्रवाई चल रही है। अगर किसी पूर्व पार्षद को जानकारी है तो शिकायत करें, उसे भी चेक कराएंगे। ब्यूरो