आंवला। उपचार के दौरान प्रसूता की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को शिवा नर्सिंग होम को सील कर दिया। वहीं, बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित मिलने पर जनता डायग्नोस्टिक सेंटर पर भी सील लगाई गई है। एक अन्य अस्पताल को रजिस्ट्रेशन दिखाने के लिए दो दिन की मोहलत दी गई है।
अलीगंज बस स्टैंड के समीप संचालित शिवा नर्सिंग होम में दो दिन पहले प्रसूता की मौत हो गई थी। शुक्रवार को एसीएमओ व नोडल अधिकारी सौरभ सिंह टीम के साथ यहां पहुंचे। पूछने पर मौजूद स्टाफ ने पंजीकरण संबंधी कागजात तो दिखा दिए मगर प्रसूता की मौत को लेकर वह स्पष्ट नहीं बता पाए। इसके बाद टीम ने यहां सील लगा दी।
नजदीक संचालित जनता डायग्नोस्टिक सेंटर पर सील लगाने के बाद टीम पुरैना तिराहे पर संचालित भारत अस्पताल पहुंची। अस्पताल में कई मरीज भर्ती थे मगर चिकित्सक नदारद मिले। उपस्थित लोग पंजीकरण भी नहीं दिखा पाए। टीम ने संचालक को दो दिन का समय दिया है।
फतेहगंज पूर्वी में अल्ट्रासाउंड सेंटर सील
फतेहगंज पूर्वी। प्रशिक्षित स्टाफ और बिना रजिस्ट्रेशन संचालित हो रहे भारत अल्ट्रासाउंड सेंटर को शुक्रवार को एसीएमओ ने सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान सेंटर संचालक चकमा देकर फरार हो गया।
कस्बे के विद्या राइस मिल की बाजार में कई वर्षों से भारत अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालित हो रहा है। शुक्रवार को एसीएमओ भानु प्रताप और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराग गौतम यहां पहुंचे। इस दौरान कई खामियां मिलीं। अल्ट्रासाउंड करने वाला स्टाफ भी प्रशिक्षित नहीं था। संचालक रजिस्ट्रेशन भी नहीं दिखा पाए। इसके बाद सेंटर पर सील लगा दी गई। छापेमारी के डर से कस्बे में क्लीनिक चलाने वाले झोलाछाप भी शटर गिराकर भाग गए। संवाद