बेहतर प्रदर्शन करने वाली पंचायतों को मिलेगा सम्मान
बरेली। स्वच्छ भारत मिशन के तहत अब गांवों में स्वच्छता का मूल्यांकन शुरू हो गया हैं। जिससे कई बिंदुओं पर पंचायतों की तैयारियों को परखा जाएगा। सर्वेक्षण को लेकर अधिकारियों की टीम गांवों में साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण करेंगी।
टीमों ने नालियों की साफ-सफाई, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, शौचालयों की उपयोगिता और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था का जायजा लिया। ग्रामीणों से बातचीत कर फीडबैक भी लिया जाएगा कि वह स्वच्छता को लेकर कितने जागरूक हैं और पंचायतें किस स्तर पर काम कर रही है। सर्वेक्षण के आधार पर पंचायतों को अंक दिए जाएंगे। प्रदर्शन के अनुसार जिला व राज्य स्तर पर सम्मानित भी किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार यह सिर्फ जांच नहीं बल्कि सुधार और प्रोत्साहन की प्रक्रिया है। संवाद
एक हजार अंक का होगा स्वच्छ सर्वेक्षण
गांवों की स्वच्छता स्थिति पर 540 अंक, संयंत्रों की कार्य क्षमता के प्रत्यक्ष अवलोकन पर 120, नागरिक प्रतिक्रिया पर 100 अंक व सेवा स्तर की प्रगति के आंकलन पर 240 अंक निर्धारित किए गए हैं।
-जिले में स्वच्छता सर्वेक्षण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, यह सर्वेक्षण 14 अगस्त तक चलेगा। जिसके आधार पर ग्राम पंचायतों की रैंकिंग जारी की जाएगी। - कमल किशोर, जिला पंचायत राज अधिकारी