बुशलेस डीसी मोटर चालित बेहतर गुणवत्ता वाले पंखे कोचों को रखेंगे काफी देर ठंडा
विज्ञापन
इज्जतनगर मंडल त्रिवेणी समेत चार ट्रेनों को चलाने का बोर्ड को भेज चुका है प्रस्ताव
बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल की टनकपुर-शक्तिनगर त्रिवेणी एक्सप्रेस अब हाइब्रिड कोचों के साथ दौड़ेगी। यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार कर यात्रा को आरामदायक बनाने के मद्देनजर हाइब्रिड वातानुकूलित कोचों में बुशलेस डीसी मोटर चालित बेहतर गुणवत्ता वाले पंखों का इस्तेमाल किया गया है। इन पंखों से समूचे कोच में बेहतर कूलिंग के साथ ही प्रभावशाली तरीके से हवा का प्रवाह होगा, इससे एअर कंडीशनर बंद होने पर भी काफी देर तक कोचों में तापमान कम रहेगा। यहां बता दें कि त्रिवेणी, बाघ एक्सप्रेस समेत चार ट्रेनों के चलाने का प्रस्ताव मंडलीय अधिकारी रेलवे बोर्ड भेज चुके हैं।
रेलवे के इंजीनियरिंग अनुभाग ने टनकपुर से शक्तिनगर तक 836 किमी का सफर तय करने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस में बुशलेस डीसी मोटर चलित पंखों का प्रावधान किया है। इन पंखों के कारण कोच में कूलिंग सिस्टम बेहतर होने के साथ-साथ हवा का सर्कुलेशन भी काफी अच्छा रहता है। इन पंखों की खासियत है कि अगर कोच का एसी प्लांट कूलिंग करने के बाद किसी कारण बंद हो जाता है तो भी कोच काफी देर तक ठंडा रहता है।
गौरतलब है कि इज्जतनगर रेल मंडल काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस, रामनगर-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस और रामनगर चंडीगढ़ एक्सप्रेस को चलाने का प्रस्ताव दो महीने पहले ही रेलवे बोर्ड भेज चुका है। रेलवे बोर्ड से हरी झंडी मिलते ही ट्रेनों को चलाने की प्रक्रिया शुरू होगी। सबसे पहले त्रिवेणी एक्सप्रेस को चलाया जाएगा। इज्जतनगर रेल मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि कोच तैयार हैं, बोर्ड के आदेशों का इंतजार है। उसके बाद त्रिवेणी एक्सप्रेस अपने नए कोचों के साथ दौड़ती नजर आएगी।