इस बार आला हजरत दरगाह से ऐलान हुआ है कि डीजे न बजाया जाए। वह लोग शांतिपूर्वक तरीके से अंजुमन लेकर निकलेंगे। सीओ तृतीय आशीष प्रताप सिंह व इंस्पेक्टर हिमांशु निगम ने साफ कहा कि परंपरागत तरीके से जो होता रहा है, वही होगा। नई परंपरा किसी को नहीं डालने दी जाएगी।
इत्तेहादे मिल्लत के जुलूस की ही अनुमति
अंजुमनों के जुलूस को लेकर अनुमति न होने की बात को लेकर तरह-तरह के तर्क दिए जा रहे हैं। दरअसल, जिले भर में साल में करीब साढ़े चार सौ जुलूस व शोभायात्रा निकलती हैं, इनमें से करीब पौने दो सौ की अनुमति नहीं होतीं, वह परंपरागत श्रेणी में मानी जाती हैं और थाने के रजिस्टर में इनका उल्लेख होता है। इसी तरह मुन्ना खां के नीम से शुरू होने वाले इत्तेहादे मिल्लत मुसलेमीन के मुख्य जुलूस की अनुमति है, बाकी करीब 90 अंजुमन इस जुलूस में मिलती हैं जिनमें से अधिकांश को परंपरागत माना जाता है।
अंजुमन इत्तेहादुल मुस्लिम (जुलूस कमेटी) की ओर से बुधवार को पुराना शहर जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। इस संबंध में जुलूस कमेटी के पदाधिकारियों ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि जुलूस में डीजे पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। जुलूस मार्ग पर कहीं भी डीजे वाली अंजुमन को नहीं आने दिया जाएगा। साथ ही निगरानी के लिए दो सौ वालंटियर्स भी लगाए जा रहे है।
ये भी पढ़ें- बरेली में डीजे दहला रहे कलेजा: दुकान की छत का प्लास्टर टूटकर गिरा, चटके कांच; दिल-दिमाग के लिए भी खतरा
उनका कहना है जिस तरह जुलूस में अखाड़ों पर रोक लगी उसी तरह डीजे भी पाबंदी लगेगी। इसके अलावा बाइक स्टंट और आवाज वाले साइलेंसर की बाइक पर भी पाबंदी रहेगी। वहीं महिलाओं और युवतियों को भी जुलूस में लाने के लिए मना किया गया है। यह जुलूस पुराना शहर की छह मीनार मस्जिद मुन्ना खां की नीम से शाम चार बजे रवाना होगा। इसकी कयादत दरगाह तहसीनिया के सज्जादानशीन मौलाना हस्सान रजा खान करेंगे।
अंजुमनों की डीजे की अनुमति रद्द
तीन दिन पहले ही डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में जहां दरगाह के प्रतिनिधि व आयोजन की मुख्य संस्था ने डीजे न बजाने को लेकर बात रखी थी, वहीं 26 अंजुमन कमेटी की ओर से डीजे बजाने की अनुमति मांगी। तर्क दिया कि इसके लिए काफी तैयारी और खर्चा हो चुका है।
सिटी मजिस्ट्रेट ने इन सभी अनुमति आवेदनों को रद्द कर दिया है। बावजूद कुछ अंजुमन ईंट पजाया चौराहे से डीजे बजाने की बात कह रही हैं। प्रदेश सरकार के एक आदेश को आधार बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस इस मामले में सख्त है। एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि डीजे को लेकर कोई अनुमति नहीं दी है, ऐसा करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।