बिजुआ (लखीमपुरखीरी)। भीरा के छाजूराम इंटर कॉलेज में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की ग्राम चौपाल में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का बखान किया। कहा पहले की सरकारों में एक रुपये में 15 पैसे गरीबों तक पहुंचते थे। अब सरकार और गरीबों के बीच कोई बिचौलिया नहीं।
प्रदेश अध्यक्ष ने जनसमूह से सरकार से मिलने वाले लाभों पर बात की। उन्होंने भीड़ से पूछा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का पूरा पैसा मिल रहा है। इस पर लोगों ने हाथ उठाकर समर्थन किया। महिलाओं की भीड़ देखकर उज्जवला योजना से मिलने वाले सिलिंडर के बारे में पूछा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पहले की सरकारें एक रुपया भेजती थीं तो लोगों तक पंद्रह पैसे पहुंचते थे। लेकिन मोदी जी और योगी जी ने बिचौलियों को खत्म कर दिया। अब आपका पैसा कोई खा नही सकता। उन्होंने कहा कि जब से एक गरीब घर का बेटा चाय वाला देश की बागडोर संभाल रहा है, तब से देश की सीमाएं सुरक्षित हो गईं हैं। मोदी जी ने अपने परिवार के लिए घर नही बनवाए। आपके लिए पक्के मकान बनवा रहे हैं।