नवाबगंज। राइस मिलर्स संघ के पूर्व अध्यक्ष रमेश चंद्र गुप्ता उर्फ बंगाली बाबू के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म के मामले में अब पलटवार हुआ है। उनके बेटे शिवा गुप्ता ने एक महिला के खिलाफ रंगदारी मांगने की रिपोर्ट कराई है। यह वही महिला है जिसने पहले बंगाली बाबू पर रिपोर्ट कराई थी।
शिवा गुप्ता ने रिपोर्ट में जिक्र किया कि महिला ने उनके 76 वर्षीय बीमार पिता को फंसाया है। कुछ लोगों ने व्यक्तिगत रंजिश में उनके पिता पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला अवैध शराब का धंधा करती है। 22 जुलाई को महिला ने शिवा के ससुर रामप्रकाश की दुकान पर रमेश चंद्र गुप्ता को बुलाया था। वहां उसने समझौते के लिए 15 लाख रुपये मांगे। इससे रमेश चंद्र गुप्ता की हालत बिगड़ गई। शिवा ने रुपये मांगने का ऑडियो देकर महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बयान में देरी पर सीओ से शिकायत
आरोपी महिला ने रमेश चंद्र गुप्ता पर पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र की महिला के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। यह रिपोर्ट 24 जुलाई को दर्ज कराई गई थी। हालांकि, पीड़िता के बयान अभी तक अदालत में दर्ज नहीं हो पाए हैं। पीड़िता ने सीओ से मिलकर अदालत में बयान दर्ज कराने की मांग की थी। सीओ नीलेश मिश्रा ने बताया कि उच्च न्यायालय में विशेष ड्यूटी के कारण महिला के बयान दर्ज नहीं हो सके थे। बुधवार को पीड़िता के बयान अदालत में दर्ज कराए जाएंगे।