बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित सेमेस्टर पाठ्यक्रमों की मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन की तिथि को बढ़ा दिया है। अब संस्थागत, भूतपूर्व, बैक, परीक्षा सुधार, छूटी हुई प्रायोगिक परीक्षा के वर्ष 2020 के परीक्षा फार्म 25 मई तक आनलाइन भरे जा सकेंगे।
परीक्षा नियंत्रक संजीव सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय के सेमेस्टर पाठ्यक्रम (बीटेक, बीफार्मा, एमफार्मा, एलएलएम, एमएससी, एमसीए, एमएड, एमफिल) के परीक्षा फार्म भरने की तिथियों को आगे बढ़ाया गया है। इसके अलावा संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित सेमेस्टर पाठ्यक्रम एलएलबी त्रिवर्षीय व पंजवर्षीय, बीएससी कृषि, बी.काम वित्त एवं वित्तीय सेवा, बीबीए, बीसीए एवं पीजीडीसीए, एमएसडब्ल्यू, बी.लिब, एम.लिब के दूसरे, चौथे, छठे, आठवें और दसवें सेमेस्टर की मुख्य परीक्षा की तिथियां भी आगे बढ़ाई गई हैं। इन सभी पाठ्यक्रमों व इनके सेमेस्टरों के संस्थागत, भूतपूर्व, बैक, परीक्षा सुधार, छूटी हुई प्रायोगिक परीक्षा के लिए अब 25 मई तक परीक्षा फार्म भरे जा सकेंगे। वहीं, संबंधित महाविद्यालयों को इन फार्मों को 27 मई तक सत्यापित कर विश्वविद्यालय में जमा कराना होगा। परीक्षा फार्म विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.mjpru.ac.in/online examination form पर उपलब्ध कराया गया है।