बरेली। कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण न करने पर नगर निगम ने इसे पर्यावरण का उल्लंघन मानते हुए रेलवे व एयरफोर्स स्टेशन को नोटिस भेजा है। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2016 के उल्लंघन को लेकर जिला पर्यावरण समिति की सख्ती लगातार बढ़ती जा रही है।
नगर निगम के पर्यावरण अभियंता राजीव कुमार राठी ने बताया कि रेलवे कॉलोनियों, स्टेशन परिसरों और एयरफोर्स स्टेशन से लगे आवासीय व कार्यालय क्षेत्रों में कचरे का सोर्स पर सेग्रीगेशन नहीं किया जा रहा। गीले कचरे की प्रोसेसिंग न होने और सूखे कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के बजाय उसे शहर के आसपास अवैध रूप से डंप किए जाने के मामले सामने आए है। जिला पर्यावरण समिति ने स्पष्ट किया है कि रेलवे और एयरफोर्स स्टेशन दोनों ही बल्क वेस्ट जनरेटर की श्रेणी में आते हैं और नियमों के अनुसार उन्हें बायोडिग्रेडेबल कचरे की कम्पोस्टिंग या बायो-मीथनेशन अपने परिसर में ही करनी होगी। समिति ने संकेत दिए हैं कि तय समय सीमा पूरी होने के बाद रेलवे व एयरफोर्स स्टेशन परिसरों का संयुक्त भौतिक सत्यापन किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति, अर्थदंड और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संवाद