देवरनियां। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सभी परिषदीय विद्यालयों को खोलने के फरमान के बावजूद ब्लाॅक दमखोदा के कई विद्यालय बंद रहे। अब मामले में संज्ञान लेते हुए ब्लॉक के बीईओ ने संबंधितों को नोटिस जारी किए हैं। जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्राथमिक विद्यालय कुंडरा, हसनपुर, खजुरीखेड़ा, जोतपुर, तेजनगर, कंपोजिट विद्यालय भैरपुरा, नवादा, मगरी, मुंडिया नबीबख्श, मुंडिया नसीर, मुंडिया जागीर, करनपुर, मिलक, कठर्रा, पुरैनाताल, जूनियर हाईस्कूल बहादुरगंज आदि बंद रहे थे। इस मामले को लेकर अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था।
युवा भाजपा नेता विपिन गंगवार उर्फ विराट कुर्मी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जिलाधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कार्रवाई की मांग भी की थी।
अफसरों ने अमर उजाला की खबर का संज्ञान लेते हुए ब्लाॅक के बीईओ को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। बीईओ प्रेमसुख गंगवार ने बुधवार को संबंधित स्कूलों को नोटिस जारी कर दिए हैं। संवाद