विश्वविद्यालय की सख्ती के बावजूद नहीं बाज आ रहे कई कॉलेज
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध कई निजी महाविद्यालय छात्र-छात्राओं की मर्जी के बगैर उनकी सीटें लॉक कर रहे हैं। ऐसे में छात्र-छात्राओं को दूसरे कॉलेजों में दाखिला नहीं मिल पा रहा है। विश्वविद्यालय से पास ऐसे करीब 21 मामले सामने आए हैं। इनकी सीटों को दोबारा खुलवाकर उन्हें प्रवेश दिलाए गए हैं। इनमें से नौ मामले केवल बरेली कॉलेज के बताए जा रहे हैं। इस पर शिकंजा कसने के लिए ऐसी गड़बड़ी कर रहे महाविद्यालयों को नोटिस भी जारी किए गए हैं।
विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होने से पहले सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित किया था कि वे छात्र-छात्राओं के साथ धोखाधड़ी या उनकी मर्जी के बगैर वेबसाइट पर उनकी सीट लॉक नहीं करेंगे। इसका उल्लंघन करने वाले महाविद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी। बावजूद इसके तमाम छात्रों ने विश्वविद्यालय को यह शिकायत की है कि कई महाविद्यालयों ने उनकी मर्जी के बगैर सीटों को लॉक कर दिया है। इससे वे दूसरे मनचाहे कॉलेज में प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं। विश्वविद्यालय ने इन मामलों का संज्ञान लेते हुए संबंधित महाविद्यालयों को निर्देश देकर सीटों को अनलॉक कराया है।
किसी छात्र-छात्रा की मर्जी के बगैर कोई महाविद्यालय वेबसाइट पर उसकी सीट लॉक नहीं कर सकता। ऐसे मामलों का संज्ञान लेते हुए संबंधित महाविद्यालयों को नोटिस दिए जा रहे हैं। -डॉ. अमित सिंह, प्रभारी मीडिया सेल, रुहेलखंड विश्वविद्यालय