नवाबगंज। भदपुरा ब्लॉक में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी और खंड प्रेरक के बीच कमीशन को लेकर हुई मारपीट के बाद जिला पंचायत राज अधिकारी ने मंगलवार को खंड प्रेरक को नोटिस भेजकर 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण तलब किया है। भदपुरा ब्लॉक में खंड प्रेरक के पद पर तैनात संजीव कुमार और ग्राम पंचायत अधिकारी विशाल दीक्षित के बीच शौचालय के कमीशन को लेकर मंगलवार की देर शाम मारपीट हो गई थी। इस मामले में दोनों पक्षों ने सोमवार को थाना नवाबगंज में तहरीर दी। मामले में संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी कमल किशोर ने भदपुरा ब्लॉक में तैनात खंड प्रेरक संजीव कुमार को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है। वहीं, दूसरी ओर उत्तर प्रदेश ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के जिला अध्यक्ष जितेंद्र गंगवार ने ज्ञापन दिया है, जिस पर आश्वासन दिया है। संवाद